रथयात्रा के बाद सात दिन तक अस्थायी शिविर में विराजेंगे भगवान रघुनाथ
मालरोड में लगी केनोपी ने लोगों को किया आकर्षित
.........
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अधिष्ठाता भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर में सजावट का काम शुरू हो गया है। अस्थायी शिविर में बारिश के चलते किसी तरह का खलल न पड़े, इसके पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। साथ ही सजावट का कार्य भी किया जाएगा। भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर का स्थान मेला मैदान के एक काेने पर है। सात दिन तक भगवान रघुनाथ दशहरा उत्सव में अस्थायी शिविर में विराजमान रहेंगे। देवी-देवताओं के मिलन का सिलसिला सात दिन देखने को मिलेगा। भगवान रघुनाथ की दशहरा के पहले दिन भव्य रथयात्रा निकलेगी, इसके बाद भगवान रघुनाथ अस्थायी शिविर में विराजेंगे।
जिला देवी-देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर ने कहा कि देवी-देवताओं ने दशहरा उत्सव में आने की तैयारी कर ली है। देवी-देवता अपने तय किए गए दिन के अनुसार ढालपुर मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। दशहरा उत्सव में शामिल होने को लेकर देवलुओं में खुशी का माहौल है। वहीं दशहरा के लिए ढालपुर का मालरोड भी सज गया है। मालरोड पर दुकानों के लिए लगाई गई केनोपी से सुंदरता और भी बढ़ गई है। संवाद