आईएचएम रामपुर और बंजार कॉलेज में हुआ एमओयू
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय बंजार में कॅरिअर काउंसलिंग गाइडेंस और प्लेसमेंट सेल ने आतिथ्य प्रबंधन और वोकेशनल डिग्री पर विशेष जानकारी देने के लिए एक व्याख्यान सत्र का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रेणुका थपलियाल ने की। आईएचएम रामपुर के चेयरमैन राहुल भट्ट, कलिंगा विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ के प्रबंधक विनय गौर व्याख्यान में मुख्य वक्ता रहे।
राहुल भट्ट ने कहा कि वर्तमान समय में आतिथ्य प्रबंधन, खासकर कुल्लू जिले के परिदृश्य के अनुसार एक बेहतरीन कॅरिअर विकल्प बन चुका है। बंजार, तीर्थन वैली और जीभी पर्यटन के लिए प्रसिद्ध हैं और यहां पर्यटन का कारोबार सालभर चलता है। ऐसे में विद्यार्थी आतिथ्य प्रबंधन में दक्षता हासिल कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
महाविद्यालय बंजार और आईएचएम रामपुर के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए जो कॅरिअर काउंसलिंग और कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। 20 विद्यार्थियों का कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए चयन भी किया गया। विनय गौर ने होटल उद्योग में विभिन्न पदों जैसे जनरल मैनेजर, फ्रंट ऑफिस मैनेजर, फैमिली सर्विस, हाउसकीपिंग, एचआर फाइनेंस और एचआर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में कॅरिअर की संभावनाओं पर जानकारी दी। संवाद