कुल्लू। नगर परिषद ने ढालपुर की अस्थायी मार्केट से दुकानें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर परिषद की टीम ने सोमवार को अस्थायी मार्केट में दुकानदारों को दुकानें खाली करने की हिदायत दी। अस्थायी मार्केट के बिजली कनेक्शन पहले ही काट दिए गए हैं। नगर परिषद की हिदायत के बाद सोमवार को कई दुकानदारों ने अपना सामान समेट दिया है। ढालपुर मैदान में दुकानें खाली करने के लिए दिया गया समय समाप्त हो गया है। अस्थायी दुकानों में बिजली कनेक्शन काटने के बाद अब खाली करवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में हुए पीपल जातर मेले के लिए ढालपुर में अस्थायी मार्केट सजाई गई थी।
दो दिन से नगर परिषद की ओर से व्यापारियों को अपना सामान समेटने के लिए कहा जा रहा है। नगर परिषद कुल्लू को हर साल दुकानें खाली करवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। सोमवार को भी अस्थायी मार्केट में लोग खरीदारी के लिए जुटे। नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि 15 मई तक दुकानदारों को समय दिया गया था। 17 मई तक समय को बढ़ाया गया, लेकिन अब दुकानदारों को दुकानें हटाने के लिए कहा गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद