संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में रोजाना जाम लग रहा, जिससे शहर की रफ्तार थम रही है। गांधीनगर से लेकर रामशिला तक शुक्रवार को वाहन रुक-रुक कर सड़कों पर रेंगते रहे। इससे वाहन चालकों व राहागीरों को परेशान होना पड़ा है।
शहर में पूरा दिन स्थिति ऐसी ही बनी रही। बता दें कि जाम की मुख्य समस्या शहर से वोल्वो समेत अन्य मालवाहक व बड़े वाहनों की आवाजाही होना है। हालांकि समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। गौर रहे की बैली ब्रिज भुंतर पिछले लंबे समय से बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है, जिसके कारण बड़े वाहनों को भुंतर से जिला मुख्यालय होते हुए रामशिला की तरफ और रामशिला से भुंतर की तरफ भेजा जा रहा है। गांधीनगर से रामशिला तक करीब छह किलोमीटर लंबी यह सड़क कई जगहों पर तंग हैं। दो बड़े वाहन एक समय में एक साथ पार नहीं हो सकते। ऐसे में सड़क पर जाम लग जाता है। देखते ही देखते कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। सबसे ज्यादा समस्या भुट्टी चौक से शीतला माता मंदिर तक रहती है। शहर में शुक्रवार को भी वोल्वो और सरवरी से ढालपुर की तरफ एचआरटीसी की बस, ढालपुर से सरवरी की तरफ वोल्वो बस के आमने-सामने होने से भुट्टी चौक पर जाम लग गया। इससे राहगीर व वाहन चालक परेशान होते रहे। इस तरह की समस्या रोजाना सुबह से शाम तक ही शहर में बन रही है। उधर, इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा पुलिस के जवान ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए तैनात हैं।