-सुधार पर 38 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
-पिछली बरसात में योजना को पहुंचा था नुकसान
-अगले तीन माह में पूरा किया जाएगा कार्य
-7 वार्डों की 15,000 आबादी को होगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बरसात से क्षतिग्रस्त हुई भुंतर शहर की सीवरेज योजना के सुधार पर 38 लाख रुपये खर्च होंगे। पिछली बरसात में इस सीवरेज योजना को नुकसान पहुंचा था। इसके लिए जल शक्ति विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीवरेज योजना का कार्य अगले तीन महीनों में पूरा किया जाएगा।
गौर रहे कि भुंतर बैली ब्रिज के पास सीवरेज योजना का ट्रीटमेंट प्लांट है। बरसात में यहां पर भी नुकसान हुआ था। सीवरेज योजना से नगर पंचायत भुंतर के सात वार्डाें की करीब 15,000 की आबादी भी जुड़ी हुई है। भुंतर शहर में प्रतिदिन मणिकर्ण घाटी, दियार, गड़सा, स्नोर और अन्य क्षेत्रों के लोग पहुंचते हैं। जिला का प्रवेश द्वार होने के कारण पर्यटक सबसे पहले भुंतर में ही दाखिल होते हैं।
जल शक्ति विभाग दीवार से लेकर चैंबर तक का काम करेगा। खास बात यह है कि विभाग जिस भी ठेकेदार को काम सौंपेगा उसे शर्तों के तहत तीन महीने में ही काम पूरा करना होगा। यह देखना होगा कि आखिर कब तक विभाग काम शुरू करता है।
उधर, इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित ने कहा कि टेंडर की औपचारिकताएं पूरी की जा रहीं हैं। जल्द ही काम शुरू कर सीवरेज योजना को दुरुस्त किया जाएगा।