सोलंगनाला (कुल्लू)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली के सोलंग गांव की किस्मत अब बदलने वाली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत सोलंग गांव की संपर्क सड़क के सुधार के लिए तीन करोड़ रुपये का बजट का स्वीकृति हुआ है।
सोलंग गांव न केवल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर है, बल्कि यह घाटी के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्रों में से एक है। सड़क की खस्ताहालत के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब तीन करोड़ रुपये के बजट से सड़क का पूरी तरह से कायाकल्प किया जाएगा। इसमें सड़क का निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण और सुरक्षा दीवारों का सुदृढ़ीकरण होगा।
लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। विभाग की ओर से सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क बनने के बाद मरीजों को अस्पताल पहुंचाना आसान होगा। अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से सक्षम निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा। जैसे ही काम अवार्ड होगा, तुरंत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि सड़क की डीपीआर मंजूर हुई है। बजट की मंजूरी भी आ गई है। जल्द टेंडर करवाकर कार्य शुरू किया जाएगा।
..........
युवक मंडल के पूर्व प्रधान नानक चंद ठाकुर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क की बदहाली से जूझ रहे थे, लेकिन अब युवाओं और पर्यटन कारोबारियों को नई दिशा मिलेगी। गांव कमेटी के अध्यक्ष देवी चंद ठाकुर ने सरकार और विभाग का आभार जताया। उम्मीद जताई कि सड़क सुधरने से बागवानों को अपनी फसल मंडी पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी।
0000