कुल्लू। खनेरनाला के पास धंसी सड़क को लोक निर्माण विभाग ने चौड़ा कर दिया है। इसके बाद एचआरटीसी ने करीब एक सप्ताह बाद सोमवार से कुल्लू-आनी वाया शुश बस सेवा फिर से शुरू कर दी है। बस सेवा बहाल होने से कुल्लू और मंडी की 15 पंचायतों के हजारों लोगों को राहत मिली है।
पिछले सप्ताह इसी स्थान पर कुल्लू से आनी जा रही एक बस का पिछला टायर धंस गया था। हालांकि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवारियों में अफरातफरी मच गई थी। चालक और परिचालक ने यात्रियों को नीचे उतारकर काफी मशक्कत के बाद बस को बाहर निकाला। इसके बाद यह पॉइंट बस संचालन के लिए बेहद जोखिम भरा हो गया था।
स्थिति को देखते हुए एचआरटीसी ने साफ कर दिया था कि जब तक लोक निर्माण विभाग इस जगह को सुरक्षित नहीं बनाएगा, तब तक बस सेवा बहाल नहीं की जाएगी। 23 अप्रैल को इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग हरकत में आया और डंगा लगाने के बजाय सड़क को चौड़ा कर दिया गया। इसके बाद सहायक अभियंता ने बस संचालन की अनुमति दे दी। सोमवार से बस सेवा शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब कुल्लू के साथ-साथ रामपुर, मंडी और शिमला के लिए आवाजाही फिर से आसान हो गई है।
स्थानीय लोगों लीला प्रसाद, मनोहर लाल, उमेश कुमार और यशपाल कटोच ने लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी का आभार जताया है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि डंगे के बजाय सड़क को बसों के लिए चौड़ा किया गया है। वहीं, एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि सोमवार से बस सेवा सुचारु कर दी गई है।