मनाली-लेह मार्ग पर पर बर्फ जमने के कारण प्रशासन ने लगाई थी रोक
मौसम साफ रहने पर बुधवार दोपहर एक बजे यातायात के लिए खोला मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। मनाली-लेह मार्ग पर दारचा-सरचू के बीच 24 घंटे बाद बुधवार से यातायात शुरू हो गया। यह मार्ग बुधवार दोपहर को एक बजे के बाद खोल दिया गया। ताजा बर्फबारी के बाद सड़क पर फिसलन बढ़ने और ब्लैक आईस जमने के कारण बीते मंगलवार को दोपहर एक बजे बंद हो गया था।
बुधवार को मार्ग बहाल होने के बाद प्रशासन ने पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों के वाहन दारचा से आगे भेजे। दारचा-शिकुंला के बीच 24 घंटे तक मार्ग बंद रहा। जरूरी काम के लिए जाने वाले लोग सड़क बहाल होने का इंतजार करते रहे।
गौर रहे कि बीते मंगलवार को रोहतांग दर्रा सहित लाहौल के ऊंचे दर्रों में हल्की बर्फबारी हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने मनाली-लेह मार्ग पर दारचा से शिकुंला के बीच वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। माइनस तापमान के चलते सड़कों पर बर्फ जम रही है। इससे हादसों की आशंका बनी हुई है। हालांकि, बुधवार को सुबह से कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में मौसम साफ रहा। ऐसे में मार्ग को बहाल कर यातायात शुरू कर दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ घाटी की वादियों में घूमने आने वाले सैलानियों ने राहत की सांस ली है।
उधर, इस बारे में लाहौल-स्पीति के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने कहा कि दारचा से शिंकुला के बीच वाहनों की आवाजाही फिलहाल शुरू कर दी गई है। केलांग से दारचा तक भी सड़क सभी तरह के वाहनों के लिए खुली है। उन्होंने पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।