पीएमजीएसवाई के तहत सात करोड़ रुपये से बनेगी पांच किलोमीटर सड़क
अभी तार स्पेन से सेब और चारपाई से सड़क तक पहुंचाने पड़ते हैं मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। विकास से कोसों दूर खड़े लगघाटी के अति दुर्गम गांव खोपरी और मथाला सड़क सुविधा से जुड़ेंगे। सात करोड़ रुपये से करीब पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत सड़क के निर्माण को मंजूरी मिली है। स्थानीय लोगों ने इसके लिए कुल्लू सदर के विधायक का आभार जताया है।
गौर रहे कि सड़क न होने से ग्रामीणों को सेब और अन्य कृषि उत्पाद सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए तार स्पेन का सहारा लेना पड़ता है। बीमार होने पर चारपाई पर मरीजों को मजबूरन सड़क पहुंचाना पड़ता है। प्रस्तावित सड़क को पीएमजीएसवाई के तहत केंद्र ने धन की स्वीकृति दी है। ऐसे में ग्रामीणों को सड़क का कार्य शुरू होने का इंतजार है। लोगों ने कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का आभार जताया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत सड़क को स्वीकृति मिली है। सड़क में सात करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।