सीएचसी पतलीकूहल में अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची कायाकल्प टीम।-संवाद
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय कुल्लू और पर्यटन नगरी मनाली के बीच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल का शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की कायाकल्प टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सीएचसी की ओपीडी, विभिन्न वार्ड, लेबर रूम, दवा वितरण केंद्र, लैब, शौचालयों तथा पूरे परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। टीम ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, रिकॉर्ड, बायोमेडिकल कचरा प्रबंधन और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर फीडबैक लिया। उनसे उपचार की गुणवत्ता, डॉक्टरों और स्टाफ के व्यवहार, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई को लेकर जानकारी जुटाई। कई मरीजों ने अस्पताल की सेवाओं को संतोषजनक बताया और नियमित रूप से डॉक्टरों की उपलब्धता पर भी संतोष जताया। सीएचसी पतलीकूहल के प्रभारी डॉ. मोहित शर्मा ने कायाकल्प टीम को सीएचसी के विभिन्न विभागों का दौरा करवाया।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, स्टाफ की तैनाती और हाल ही में किए गए सुधारात्मक कार्यों की जानकारी भी साझा की। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्णजीत ने कहा कि उनका लक्ष्य नग्गर खंड के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिकतम सुविधाओं से लैस करना है। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से संस्थानों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। संवाद