लारजी बांध से औट तक 100 से अधिक देवी-देवता होते हैं रवाना
देवी-देवता कारदार संघ ने प्रशासन से की मांग, दशहरा को लेकर बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में शामिल होने के लिए उपमंडल बंजार, आनी और निरमंड के 100 से अधिक देवी-देवता आते हैं। देवी-देवता टनल से प्रस्थान नहीं करते। ऐसे में प्रशासन लारजी बांध से औट तक पैदल रास्ते को 25 सितंबर से पहले दुरुस्त करवाए।
यह बात देवी-देवता कारदार संघ के खंड बंजार के प्रधान सत्यदेव नेगी ने कही। रविवार को दशहरा की रणनीति तैयार की गई। इसमेें उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा और खंड विकास अधिकारी मानसिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
बैठक में कारदारों ने उपमंडल अधिकारी को लारजी बांध से औट बाजार तक के पैदल रास्ते को 25 सितंबर तक सुगम बनाने और देवी-देवताओं के कुल्लू प्रस्थान और लौटते समय लारजी जल विद्युत परियोजना के जल स्तर को कम और देव रथों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव भी सौंपा। वहीं, उपमंडल अधिकारी पंकज शर्मा ने खंड विकास अधिकारी बंजार को रास्ते को सुगम बनाने, देव रथों और देवलुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा कहा कि लारजी जल विद्युत परियोजना के जलस्तर को घटाने को लेकर पत्राचार परियोजना प्रबंधन से किया जाएगा। इस दौरान टीसी महंत, गोपाल ठाकुर, गोपीचंद चौहान, चेतन स्वरूप शर्मा, ख्याली राम शर्मा, विनोद, तुलसी राम, मुरारी शर्मा, दलीप सिंह, रमेश, हीरा सिंह आदि उपस्थित रहे।