पर्यटन नगरी में दशहरा उत्सव से पहले रफ्तार पकड़ सकता है पर्यटन सीजन
वोल्वो बस सेवा बंद होने से नही हो रही बुकिंग, अभी न के बराबर हैं सैलानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। आपदा की मार झेल रहे मनाली को दशहरे से पहले राहत मिलने की उम्मीद है। एनएचएआई की कोशिश है कि तब तक वोल्वो बस सेवा बहाल कर दी जाए। कारोबारियों की नजरें उसी पर टिकी हैं, क्योंकि वोल्वो की वापसी, पर्यटकों की वापसी का संकेत मानी जा रही है।
फिलहाल, बुकिंग रुकी पड़ी है। जैसे ही वोल्वो दौड़ेगी, पर्यटन का पहिया फिर घूमने लगेगा। पर्यटन नगरी में धीरे-धीरे पर्यटक आने लगे है। फिलहाल पर्यटकों की संख्या न के बराबर है लेकिन वोल्वो बस सेवा शुरू होने के बाद पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारी वोल्वो बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। एनएचएआई ने भी दशहरा तक वोल्वो बस मनाली पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। आपदा की वजह से मनाली का पर्यटन कारोबार पटरी से उतर गया है। इक्का-दुक्का पर्यटक मनाली में देखे जा रहे हैं लेकिन दशहरा सीजन अच्छा चलने की उम्मीद है। बशर्ते, वोल्वो बस मनाली पहुंच जाए। कुल्लू से मनाली तक एनएचएआई ने सड़क को एकतरफा यातायात के लिए खोला है। लेफ्ट बैंक और राइट बैंक सड़क वन वे की गई है। सड़क को डबललेन करने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। एनएचएआई ने दशहरा उत्सव तक वोल्वो बसों को मनाली पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। कारोबारियों का कहना है कि दशहरा को लेकर अच्छी बुकिंग है लेकिन वोल्वो बस सेवा शुरू होने का इंतजार है।
पर्यटन कारोबारी बुद्धि प्रकाश ने कहा कि वोल्वो बस सेवा शुरू होते ही पर्यटकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि दूसरे राज्यों से अच्छी इनक्वायरी चल रही है। फिलहाल वोल्वो बस सेवा बंद होने से बुकिंग नहीं हो रही है। वोल्वो बस सेवा शुरू होते ही मनाली में पर्यटकों का आना शुरू हो जाएगा। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने बताया कि दशहरा तक नेशनल हाइवे को डबललेन करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद वोल्वो बस सेवा शुरू हो जाएगी।