बागासराहन स्कूल में विद्यार्थी।स्त्रोत स्कूल
कुल्लू। जिले के सरकारी स्कूलों के सीबीएसई बोर्ड से जुड़ने के बाद आजकल प्रवेश का दौर चल रहा है। सरकार ने प्राथमिक एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागासराहन को सीबीएसई का दर्जा दिया है। इससे क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। यह स्कूल निरमंड क्षेत्र का एकमात्र सीबीएसई का दर्जा प्राप्त स्कूल है। स्कूल में अभी तक 259 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य गुप्त राम ने बताया कि नौ अप्रैल तक छठी से जमा दो कक्षा के लिए 150 विद्यार्थियों ने प्रवेश पा लिया है।
कक्षा छठी के लिए 18 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। सातवीं के लिए 26, आठवीं के लिए 22, नौवीं के लिए 31, दसवीं के लिए 16, जमा एक के लिए 19 और जमा दाे के लिए 18 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय बागासराहन को सीबीएसई की मान्यता मिलने के बाद यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश ले रहे हैं। स्कूल के प्रभारी गोपाल चौहान ने बताया कि पहले प्राथमिक विद्यालय में लगभग 25 विद्यार्थी हुआ करते थे, लेकिन इस वर्ष सीबीएसई स्कूल बनने के बाद अब तक 109 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जो एक सकारात्मक संकेत है।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लोचन सिंह ठाकुर ने कहा कि विद्यालय का सीबीएसई बोर्ड से जुड़ना बागासराहन और आसपास के क्षेत्र के एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में जल्द से जल्द प्रधानाचार्य सहित सीबीएसई स्टाफ की नियुक्ति की जाए।
..............
सराहन स्कूल को सीबीएसई की मान्यता मिलने के बाद इलाके के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। अब सरकारी स्कूलों में सीबीएसई की सुविधा प्रदेश सरकार ने शुरू कर दी है। ग्रामीण स्तर पर भी इस तरह के स्कूलों को खोलने से गरीब बच्चे भी पढ़ाई कर सकेंगे।
-बुद्धि सिंह ठाकुर, अध्यक्ष, मिल्कफेड हिमाचल प्रदेश
000