अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए
बोली: समय-समय पर निर्माण का अवलोकन करें
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग के समीप कमांडर नाला से बन रही पंक्ति नहर सिंचाई योजना का वीरवार को स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने निरीक्षण किया।
सिंचाई योजना के फेज वन और फेज टू का काम चल रहा है। 60 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सिंचाई योजना के तैयार होने से क्योर, गुमलिंग और मंगौन के किसान लाभान्वित होंगे।
विधायक ने कार्यों का जायजा लेने के बाद जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर कार्य का अवलोकन करने और कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश जारी किए हैं। उधर, क्षेत्र के ग्रामीण इस सिंचाई योजना के कार्य जल्द पूरा होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। योजना के सिरे चढ़ते ही उक्त गांव के बाशिंदों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी उपलब्ध हो जाएगा और उनकी सिंचाई के पानी की समस्या दूर हो जाएगी। केलांग में तैनात जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय गुप्ता ने बताया कि पंक्ति सिंचाई योजना का कार्य इस माह के अंत तक पूरा कर दिया जाएगा और लोगों को उसके बाद पानी उपलब्ध करवा दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान यह भी बताया कि इस सिंचाई योजना से क्षेत्र में 16.80 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इस योजना से किसानों के खेतों के लिए यह पानी उपलब्ध हो जाएगा और किसानों बागवानों को क्षेत्र में कृषि और बागवानी कार्य करने में आसानी हो जाएगी। संवाद