विकास कार्यों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों से ली फीडबैक
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। विधायक अनुराधा राणा ने काजा में अधिकारियों से योजनाओं के कार्यों का ब्योरा मांगा। उन्होंने अलग-अलग विभागों में सरकारी योजनाओं के माध्यम से हुए विकास कार्यों के बजट और निर्माण कार्य की समीक्षा भी की।
इन कार्यों की रिपोर्ट मांगी। विधायक इन दिनों काजा दौरे पर हैं। सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के सभागार में परियोजना सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक हुई।
इसमें विधायक ने काजा उपमंडल में जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत वित्त वर्ष 2024-25 में विभिन्न विकासात्मक और जन-कल्याणकारी कार्यों के लिए आवंटित बजट एवं वित्तीय उपलब्धियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहीं कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यों को गति देकर पूरा किया जाए।
उन्होंने खासकर लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, विद्युत, पशुपालन, कृषि, जल-शक्ति व ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारियों से योजनाओं का विस्तृत ब्योरा मांगा।
वन अधिकार समिति की बैठक संपन्न
विधायक ने काजा में उप मंडल स्तरीय वन अधिकार समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत स्पीति के पात्र लोगों को ज़मीन उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत गठित वन अधिकार समिति और अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को वन अधिकार अधिनियम संबंधी हर महीने वन अधिकार समिति सहित ग्राम स्तर पर प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एफआरए के कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारी अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति शिखा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।