मनाली। हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 का आयोजन 3 से 5 जुलाई तक किया जाएगा। यह दौड़ स्थानीय प्रशासन और अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान समेत विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
बुधवार को विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस आयोजन की आधिकारिक टी-शर्ट लांच की। आयोजक प्रवीण सूद ने बताया कि ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर इस कठिन दौड़ का आयोजन प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान, एडवेंचर टूअर ऑपरेटर्स एसोसिएशन और रैपिड टैक्टिकल के सहयोग से संभव हो पाया है
उन्होंने कहा कि यह दौड़ भारतीय माउंटेन स्पोर्ट्स में नया इतिहास रचेगी। जिस ट्रैक को सामान्य ट्रैकर दो से तीन दिन में पूरा करते हैं, उसी रूट को कुछ ही घंटों में पूरा करना धावकों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
यह दौड़ लाहौल घाटी में 3,300 मीटर ऊंचे छत्तडू से शुरू होगी और 39 किलोमीटर लंबे कठिन मार्ग से गुजरेगी। धावकों को पथरीले रास्तों, ग्लेशियर की धाराओं और चट्टानी हिस्सों को पार करते हुए 4,300 मीटर ऊंचे हामटा पास तक पहुंचना होगा। इसके बाद वे खड़ी ढलानों से नीचे उतरते हुए सेथन के रास्ते पर्वतारोहण संस्थान मनाली पहुंचेंगे।
प्रवीण सूद ने बताया कि इस फेस्टिवल को वैश्विक एथलेटिक मान्यता भी मिल चुकी है। इसे इंटरनेशनल ट्रेल रनिंग एसोसिएशन से आधिकारिक सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है और दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को यूटीएमबी इंडेक्स प्वाइंट्स दिए जाएंगे। इसी कारण 30 से अधिक बेहतरीन हाई-एल्टीट्यूड एथलीट और अंतरराष्ट्रीय ट्रेल रनर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने मनाली पहुंचेंगे।