बाढ़ में बहे एनएच की बहाली के बाद अब की जाएगीटारिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ से हुई तबाही के बाद का बहाली कार्य अंतिम चरण में पहुंचा है। करीब ढाई महीने पहले आई बाढ़ ने राइट बैंक स्थित कुल्लू-मनाली हाइवे के कई हिस्सों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बाढ़ की चपेट से डोहलूनाला, रायसन, 14 मील, 16 मील, 17 मील, बिंदू ढांक, क्लाथ और आलू ग्राउंड के पास हाइवे का अस्तित्व तक मिट गया था। बड़े-बड़े हिस्सों में हाइवे बह जाने से मनाली की ओर जाने वाला यातायात ठप पड़ गया था। लगभग दो सप्ताह तक राइट बैंक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।
हालांकि, एनएचएआई की टीमों ने हाईवे को दो सप्ताह के भीतर वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया। अब इन क्षेत्रों में सड़क को समतल करने के बाद जल्द टारिंग कर चकाचक किया जाएगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि आगामी दिनों में हाइवे की ब्लैक टॉप (टारिंग) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है जिससे हाइवे चकाचक किया जाएगा।