स्थानीय व्यंजन को ऑनलाइन मिलेगी पहचान, पर्यटक ऑनलाइन कर सकेंगे ऑर्डर
10,500 फीट की ऊंचाई पर कोकसर, सिस्सू में सिड्डू-मोमोज की होम डिलीवरी शुरू
रतन कटोच
सिस्स (लाहौल-स्पीति)। हिमालय की ठंडी हवाओं में अब डिजिटल स्वाद की गर्माहट घुलने लगी है। देश की नामी कंपनी ने 10,500 फीट की ऊंचाई पर बसे लाहौल के कोकसर और सिस्सू में सिड्डू और मोमोज की होम डिलीवरी शुरू कर दी है।
अब बर्फीले पहाड़ों में भी बस एक क्लिक पर गर्म-गर्म पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों की डिमांड पर अब दोनों पर्यटन स्थलों में ऑनलाइन खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी की सेवा शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि बिहार के रहने वाले एक कारोबारी पर्यटन नगरी मनाली में मोमोज और सिड्डू का कारोबार कर रहे हैं लेकिन अब कंपनी उनके उत्पादों की डिलीवरी पर्यटन स्थलों में करेगी।
हालांकि, सिड्डू और मोमोज के सैंपल चंडीगढ़ के लिए स्वास्थ्य मानकों की जांच और गुणवत्ता के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला में सैंपल में सभी मानक सही पाए जाने पर कंपनी ने कारोबार में हामी भरी है। अब कंपनी मनाली के अलावा लाहौल के कोकसर और सिस्सू में भी सिड्डू और मोमोज स्थानीय लोगों और पर्यटकों को होम डिलीवरी के माध्यम से उपलब्ध करवाएगी। कारोबारी ने कहा कि वह पिछले 35 सालों से पर्यटन नगरी मनाली में रहकर सिड्डू और मोमोज का कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इन उत्पादों को प्राकृतिक तरीके से तैयार करते हैं और लोगों की सेहत का विशेष ख्याल रखा जाता है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में लाहौल के तमाम पर्यटन स्थलों पर उनके बनाए उत्पाद पहुंचेंगे।