कुल्लू में सरकार के खिलाफ खुला पत्र जारी करते विधायक सुरेंद्र शौरी। -संवाद
कुल्लू। बंजार के भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की दो साल की कथित नाकामियों को लेकर एक खुला पत्र जारी किया है। इस खुले पत्र में बंजार में सरकार की विफलता के 50 बिंदुओं को दर्शाया गया है। वहीं, प्रदेश स्तरीय विफलताओं का भी जिक्र किया गया है।
कुल्लू के प्रेस वार्ता करते हुए विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि विधानसभा में मैंने सरकार से पूछा कि बताएं दो साल के भीतर बंजार में क्या काम किए गए हैं। सरकार की ओर से जवाब मिलता है कि बंजार में दो साल में सिर्फ छह काम हुए हैं। इनमें भी चार सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़़क योजना की है, एक पुल एनएचपीसी ने बनाया है। बंजार में दो सालों में कुछ भी नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि खुले पत्र के माध्यम से सरकार के असली चेहरे को जनता के सामने लाया जाएगा। खुले पत्र को हर घर में पहुंचाया जाएगा। पूर्व की भाजपा सरकार में कई काम चल रहे थे, लेकिन इस सरकार ने उन्हें पूरा ही नहीं किया। इसके बदले में जनता की सुविधा के लिए खोले गए कई संस्थान ही बंद कर दिए।
सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार बाईपास और सब्जी मंडी का काम अधूरा है। हैरान करने वाली बात है कि अब सिर्फ नादौन, हरोली और देहरा में ही संस्थान खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीसीपी का दफ्तर घोटालों का दफ्तर बन गया है। इसमें जनता के काम नहीं होते हैं बल्कि लोगों को प्रताड़ित किया जाता है। बंजार विधानसभा में कांग्रेस के नेता जनता के कार्य करें। अपनी चापलूसी करने के लिए वे अधिकारियों के एजेंट न बने।