मनाली के विकास पर खर्च किए पांच करोड़ रुपये : मनोज
बोले- पर्यटन नगरी के विकास के लिए आगे भी करूंगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष मनोज लारजे ने कहा कि रांगड़ी कूड़ा संयंत्र केंद्र में खड़े हुए कूड़े के पहाड़ को एक साल में खत्म किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका एक साल का कार्यकाल बहुत संतोषजनक रहा।
उन्होंने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। मनाली की सबसे गंभीर साफ-सफाई और कूड़े के निष्पादन की समस्या को काफी हद तक ठीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि रांगड़ी स्थित कूड़ा संयंत्र में 78463 मीट्रिक टन लिगेसी बेस्ड में से 30651 मीट्रिक टन निष्पादित कर दिया गया है। आने वाले एक साल में रांगड़ी स्थित कूड़े के पहाड़ को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 14 लाख की लागत से गोशाला का जीर्णोद्धार किया गया है। सर्दियों के लिए घास का भी पर्याप्त इंतजाम किया गया है। गोवंश के लिए घास और पानी पीने के लिए अलग से व्यवस्था की है। मनोज ने कहा कि मनाली में पर्यावरण संतुलन रहे, इसके लिए 250 करोड़ रुपये की लागत से सीएंडडी बेस्ड साइट का स्थान चिह्नित किया गया है जिससे लोग किसी भी प्रकार का मलबा ब्यास नदी में न फेंक सकें। उन्होंने कहा कि भूतनाथ श्मशानघाट का भी 9.76 लाख की लागत से जीर्णोद्धार किया गया है। मनोज से कहा कि उनके एक साल के कार्यकाल में मनाली के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए हैं।