स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने सरकार और विभाग से उठाई पद भरने की मांग
कहा- शैंशर स्कूल से प्रतिनियुक्ति पर लगाए शिक्षक, प्रभावित हो रही बच्चों की पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला शाक्टी में अध्यापकों के पद रिक्त चल रहे हैं। इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तीर्थ राम और अन्य पदाधिकारियों ने सरकार और विभाग से विद्यालय में चल रहे अध्यापकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया है। गौरतलब है इस पाठशाला में दो महीनों से पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर से प्रतिनियुक्ति पर अध्यापकों को बारी-बारी भेजा जा रहा है। इस कारण इस दुर्गम क्षेत्र की पाठशाला में पढ़ने वाले 16 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
गौर रहे कि राजकीय माध्यमिक विद्यालय शाक्टी बंजार विधानसभा की अति दुर्गम पंचायत गाड़ापारली में आता है। यह पंचायत आज तक सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से दूर है। सड़क से इस गांव तक पैदल 40 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण तेज राम का कहना है कि बरसात में भूस्खलन के कारण पैदल चलने वाला रास्ता भी ढह गया है और नदी और नाले में बनाए गए पुल भी बह गए हैं। इस स्थिति में शैंशर से प्रतिनियुक्ति पर भेजे जा रहे शिक्षकों को जान जोख़िम में डालकर शाक्टी पहुंचना पड़ रहा है।
शैंशर स्कूल के प्रतिनिधि बोले
पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष किशन सिंह ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्या केसरा देवी, प्रेम लता, सरस्वती देवी, जय सिंह, झावे राम और दया राम ने भी सरकार से विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए निवेदन किया है। कार्यकारिणी ने शिक्षा विभाग को चेतावनी दी है कि यदि दशहरे से पूर्व राजकीय माध्यमिक पाठशाला शाक्टी में स्थाई शिक्षक तैनात नहीं किया तो इस विद्यालय से प्रतिनियुक्ति पर भेजे जा रहे अध्यापकों नहीं इस स्कूल में नहीं जाने दिया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन समिति राजकीय माध्यमिक पाठशाला शाक्टी के अध्यक्ष तीर्थ राम, सदस्य मोहर सिंह, काहन सिंह, रोशन लाल, हीरा लाल, निमत राम, तारे चंद, लता देवी, हरा दासी, फुला देवी ने सरकार से विद्यालय में रिक्त सभी पदों को शीघ्र भरने की मांग की है।