रविवार को सरकारी अवकाश के कारण दिन भर जुटी रही खरीदारों की भीड़
विभिन्न फूलों की मालाएं बेचने के लिए पहुंचीं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दिवाली की खुशियों को सजाने के लिए फूलों की रंग-बिरंगी मालाओं ने कुल्लू के बाजारों को भी खास बना दिया है। जिला मुख्यालय ढालपुर से लेकर आसपास के बाजारों तक, खुशबू और रंगों की बहार छाई है।
सरकारी अवकाश के साथ खरीदारों की भीड़ ने इस त्योहार को और भी जीवंत बना दिया है। फूलों के व्यापारी खासकर ग्रामीण महिलाओं ने विभिन्न किस्मों की मालाएं लेकर बाजार का रुख किया। ढालपुर में रविवार को पटाखों के साथ फूलों का भी व्यापार हुआ। लोग घरों को सजाने के लिए अलग-अलग किस्म के खुशबूदार फूलों से बनी मालाएं खरीदते नजर आए। ....दिन रविवार, जिला मुख्यालय ढालपुर में सुबह 09:00 बजे तक फूलों से बाजार सज गया। सुबह 11:00 बजे तक मेला मैदान, मालरोड, ढालपुर चौक, टैक्सी स्टैंड, कॉलेज गेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर फूलों का व्यापार शुरू हुआ।
रविवार को छुट्टी होने के कारण जिला मुख्यालय में खरीदारों की खासी भीड़ रही। दोपहर 12:00 बजे तक मालरोड, मेला मैदान, खेल मैदान और रथ मैदान में सजे अस्थायी बाजारों में भीड़ उमड़ी। देर शाम 06:30 बजे तक बाजार में खरीदारी होती रही। रथ मैदान में पटाखों की मार्केट सजाई गई है। इसमें खरीदारों ने पटाखों की खूब खरीदारी की। इसके अलावा मनाली, पतलीकूहल, नग्गर, रामशिला, भुंतर, सैंज, बंजार आदि बाजारों में भी दिवाली की जमकर खरीदारी हुई।
छोटी माला 50 और 100 रुपये में मिली बड़ी माला
फूलों की माला के दाम 20 से 100 रुपये तक रहे। 50 रुपये की छोटी माला और 100 रुपये की बड़ी माला की अधिक मांग रही।