कुल्लू के ढालपुर में दशहरा उत्सव के लिए सजने लगा ढालपुर मैदान।-संवाद
राष्ट्रीय नहीं, इस बार राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता ही होगी
प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की टीमें लेंगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार खेलकूद प्रतियोगिता का स्वरूप बदला नजर आएगा। इस बार राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का ही आयोजन होगा।
इसके लिए दशहरा उत्सव समिति के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए बनाई गई खेल समिति ने एलान कर दिया है कि इस बार राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिताएं नहीं, बल्कि राज्य स्तर की ही वाॅलीबाल प्रतियोगिता होंगी। खेल समिति ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के वॉलीबाल खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि वे अपनी टीमें लेकर उत्सव में भाग लेने आएं और उत्सव का हिस्सा बनें।
दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ने बताया कि आपदा को देखते हुए जहां सांस्कृतिक संध्याओं को सीमित किया गया है, वहीं खेल के स्वरूप को भी कम किया गया है। जिला कुल्लू ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश आपदा से जूझ रहा है। इस कारण दशहरा के स्वरूप को कम करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि देव परंपराओं में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। सांस्कृतिक गतिविधियों में बॉलीवुड कलाकारों को नहीं बुलाया जा रहा है। राष्ट्र स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं भी नहीं होंगी। वाॅलीबाल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश के युवाओं से आग्रह किया है कि वे अपनी टीमें लेकर दशहरा उत्सव में भाग लें। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा। गौर रहे कि दशहरा उत्सव के दौरान ढालपुर के रथ मैदान में खेलकूद प्रतियोगिताएं होती हैं। दशहरा में आने वाले लोग इन खेलकूद प्रतियोगिता का भरपूर आनंद भी उठाते हैं।