पर्यटन नगरी मनाली में लगा पर्यटकों का मेला, जून महीने में बढ़ी पर्यटकों की चहल-पहल
मई में कम पर्यटक आने से निराश थे कारोबारी, जून में 30 फीसदी बढ़ी पर्यटकों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान तनाव से मनाली के पर्यटन सीजन पर विपरीत असर पड़ा है। लगभग एक महीना देरी से सीजन शुरू हुआ। अब जून में समर सीजन जैसी रौनक देखने को मिल रही है।
पर्यटकों की संख्या में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वीकेंड पर मनाली पर्यटकों से गुलजार है। रोहतांग दर्रा से मनाली तक पर्यटकों का मेला लग गया है। इस साल पर्यटन सीजन मध्य जुलाई तक खिसकने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मनाली में 20 अप्रैल के बाद समर सीजन का आगाज हो जाता है। मई के बाद होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 से सौ फीसदी तक पहुंच जाती है। इस बार मई महीने में निराशा ही हाथ लगी है। मई में ऑक्यूपेंसी 40 से 50 फीसदी रही। जून महीना शुरू होने के बाद समर सीजन जैसी रौनक देखने को मिल रही है। हालांकि, पिछले साल की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या कम है। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार वीकेंड के चलते शुक्रवार और शनिवार को मनाली में छह हजार से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। इसके अलावा 400 से अधिक वोल्वो बसों और टेंपो ट्रैवलर में भी पर्यटकों ने पर्यटन नगरी का रुख किया।
रोहतांग के लिए ऑनलाइन बुक हो रहे सभी परमिट
रोहतांग दर्रा जाने के लिए ऑनलाइन बुक होने वाले सभी परमिट बुक हो रहे हैं। शनिवार को परमिट लेकर 1200 पर्यटक वाहन रोहतांग गए। इसके अलावा पर्यटन निगम के टेंपो ट्रेवलर और परिवहन निगम की इलेक्टि्रक बसों में भी सैकड़ों पर्यटक रोहतांग पहुंचकर बर्फ का आनंद ले रहे हैं। होटलों की ऑक्यूपेंसी में उछाल आ गया है। पर्यटन निगम के होटल 80 फीसदी तक पैक हैं। अन्य होटलों की ऑक्यूपेंसी भी 70 से 80 प्रतिशत चल रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद फीका चल रहा था कारोबार : ठाकुर
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंदर ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पर्यटक घटे हैं। मई महीना फीका रहा। जून में पर्यटकों की संख्या में उछाल देखने को मिल रहा है। होटलों की ऑक्यूपेंसी भी 70 से 80 फीसदी चल रही है। होटलियर एसोसिएशन मनाली के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि इस बार एक महीना देरी से समर सीजन जैसी रौनक है।