मौसम अनुकूल रहने से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू के धार्मिक स्थल सरयोलसर में माता बूढी नागिन मंदिर के कपाट बर्फबारी तक सैलानियों सहित श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। गत साल भी देरी से हुई बर्फबारी के कारण मंदिर के कपाट दिसंबर के अंत में बंद हुए थे। इस साल भी मौसम के अनुकूल रहने से माता के दरबार में सैलानियों के साथ स्थानीय लोग भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर कमेटी हर साल 15 नवंबर के बाद मंदिर को 15 अप्रैल तक के लिए बंद कर देती थी लेकिन पिछले कुछ सालों से मौसम चक्र में आ रहे बदलाव के कारण असमय बर्फबारी हो रही है। जिले में मौसम के अनुकूल रहने से माता बूढ़ी नागिन मंदिर में पुजारी पूजा पाठ कर रहे हैं। बर्फबारी होती ही पुजारी को बुलाकर पूजा को बंद कर दिया जाएगा। वहीं सैलानी और श्रद्धालु भी अप्रैल तक माता के दर्शन नहीं कर सकेंगे।
माता बूढी नागिन की वास स्थली सरयोलसर में हर साल गर्मी के दिनों हजारों की संख्या में सैलानी व श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं कई स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी पिकनिक मनाने के लिए यहां पहुंचते हैं। साथ ही कुल्लू व मंडी के देवी-देवता यहां शाही स्नान के लिए पहुंचते हैं। माता के कारदार भागे राम राणा ने कहा कि माता के मंदिर में पहले की तरह पूजा की जा रही है। मौसम अभी अनुकूल चल रहा है। जब तक बर्फबारी नहीं होती है, मंदिर के कपाट बंद नहीं किए जाएंगे। राणा ने कहा कि आजकल सैलानियों के साथ कई स्थानीय श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।