भोले बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे हैं श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बिजली महादेव मंदिर के तीन माह बाद कपाट खुल गए हैं। अब सालभर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिजली महादेव के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर में भोले बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालु भी पहुंचना शुरू हो गए हैं। 15 दिसंबर से 15 मार्च तक बिजली महादेव मंदिर के कपाट बंद रहते हैं। हालांकि, महाशिवरात्रि के दौरान एक दिन के लिए मंदिर के कपाट विशेष रूप से खुले थे। इसके बाद कपाट फिर से बंद कर दिए गए थे। बिजली महादेव मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। चैत्र संक्रांति के दिन यहां र फागली उत्सव का भी आयोजन हुआ था। इसमें देव परंपरा का निर्वहन ढोल-नगाड़ों की थाप पर किया गया था। श्रद्धालु केवल राम और ललित ने कहा कि बिजली महादेव लोगों की आस्था का केंद्र हैं। महादेव के दर्शनों के साथ बिजली महादेव में श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी मुराद मांगते हैं। उन्होंने कहा कि भोले बाबा दयालु हैं। वह सच्चे मन से आने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी करते हैं। आने वाले दिनों में बिजली महादेव जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होगा। संवाद