महाशिवरात्रि पर्व पर भोले के जयकारों से गूंज उठेगी पूरी कुल्लू घाटी
दर्शनों के लिए बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देवभूमि में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर भोले के जयकारों से घाटी गूंज उठेगी।
कुल्लू के प्रसिद्ध बिजली महादेव मंदिर, भूतनाथ मंदिर कुल्लू, शिव मंदिर बजौरा, सियाली महादेव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में दर्शनों के लिए श्रद्धालु उमड़ेंगे।
शहर के प्राचीन भूतनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि महापर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मंदिर कमेटी के अनुसार महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ के दर्शन के लिए सुबह 4 बजे आरती के साथ कपाट खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु विधिवत पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से एक-एक कर प्रवेश दिया जाएगा।
भूतनाथ मंदिर के योगी विजय नाथ ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व विशेष महत्व रखता है। मंदिर कमेटी एवं भक्तजन मिलकर भव्य आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुबह 4 बजे आरती में सम्मिलित होने की अपील की है। दोपहर बाद संगम महादेव मेले में पधारे देवी-देवताओं का स्वागत किया जाएगा।
मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और फलों के वितरण की व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए दर्शन के लिए अलग से सुविधा प्रदान की जाएगी जबकि अन्य श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित कतारों की व्यवस्था रहेगी। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पूरे कुल्लू क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।