भुंतर (कुल्लू)। घाटी के ऐतिहासिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र खोखन में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक श्रावण मेले का समापन हो गया है। सोमवार को समापन समारोह के मौके पर आराध्य देव आदि ब्रह्मा मौजूद रहे। लोगों का दर्शन के लिए तांता लगा रहा। लोगों ने देवता से सुख-समृद्धि की कामना की। समापन में मेला कमेटी के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह गुलेरिया, समाजसेवी अजय ठाकुर तथा कर्म सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मेले के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लोक गायक डावे राम कुल्लवी, नरेश कुल्लवी और रमना भारती ने कुल्लवी नाटी एवं लोकगीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। युवा कलाकार पंडित खुशबू भारद्वाज ने भजन और लोकगीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम का स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आए पर्यटकों ने भी आनंद लिया। पूरे मेले में पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। संवाद