कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के सरवरी में स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डा से वामतट पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचना आफत बन गया है। करीब 300 मीटर की लंबाई वाले इस क्षेत्र की दो संपर्क सड़कें खस्ताहाल हैं। सड़कों पर गड्ढ़ों की भरमार है, जिनके कारण वाहनों के कलपुर्जे टूट रहे हैं।
कुल्लू के मुख्य बस अड्डा को हाईवे से जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर गड्ढों की भरमार से वाहन चालकों और सवारियों को हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा को जाने वाली बसें और छोटे वाहन एमडीआर (शहर की मुख्य सड़क) सड़क कुल्लू-भुंतर से महिला पुलिस थाना होकर भूतनाथ पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचते हैं। बस अड्डा के लिए इसी मार्ग से बस अड्डा के लिए जाते हैं, लेकिन ये दोनों सफर मार्ग खस्ताहाल हैं। इसके कारण वाहनों में सफर कर रहे यात्रियों के अलावा राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालक सौरव, आदित्य, मोहन लाल, शुभम शर्मा, मोहित कुमार ने कहा कि डबललेन भूतनाथ पुल को छोटे वाहनों के लिए खोला गया है। ऐसे में छोटे वाहन यहीं से हाईवे पर जाते हैं, लेकिन बस अड्डा से भूतनाथ पुल तक पहुंचना आफत बना है। करीब 300 मीटर मार्ग पर हर जगह गड्ढ़ों की भरमार है। वहीं, महिला पुलिस थाना होकर कुल्लू-भुंतर सड़क से जोड़ने वाले मार्ग का भी यही हाल है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि डबललेन भूतनाथ पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर पेचवर्क किया जाएगा। दो-तीन दिनों में मार्ग दुरुस्त कर दिया जाएगा।