पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर पेवर बिछाने का काम
लोगों में खुशी, 800 मीटर सड़क में पेवर बिछाने पर 80 लाख होंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में धीरे-धीरे संपर्क सड़कों का कायाकल्प होने लगा है। शहरों की तर्ज पर दुर्गम एवं ग्रामीण इलाकों के संपर्क मार्ग भी पेवर से चकाचक करने की कवायद शुरू हो गई है।
जिला मुख्यालय केलांग बाजार की सड़क के बाद दुर्गम मयाड़ घाटी की संपर्क सड़क तिंगरेट में भी काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने पेवर बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। विभाग 800 मीटर सड़क पर पेवर बिछाने के लिए 80 लाख रुपये खर्च करेगा। कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि विधायक अनुराधा राणा की सिफारिश पर ही संपर्क सड़क में पेवर बिछाने का कार्य शुरू हुआ है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भले ही सड़क पर पेवर बिछाना महंगा पड़ता है लेकिन इससे सड़क की मियाद टारिंग से काफी ज्यादा है। लोक निर्माण विभाग के चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने बताया कि अभी पेवर बिछाने का कार्य 20 फीसदी हुआ है। राणा ने कहा कि मौसम ने साथ दिया तो 15 से 20 दिनों के भीतर पेवर बिछाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
मयाड़ घाटी में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। तिगंरेट गांव के समीप पेवर बिछाने का कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से शुरू किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। -अनुराधा राणा, विधायक