सड़क चकाचक होने से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
विभाग ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया, जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। उपमंडल बंजार में गुशैणी-पेखड़ी सड़क की तिंदर गांव तक दशा सुधरेगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस पर सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। तीर्थन घाटी की सड़क चकाचक होने से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
गौर रहे कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत सड़क को मंजूरी मिली है। विभाग ने प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा था। सात करोड़ रुपये की राशि से सड़क को दुरुस्त करने के साथ ठेकेदार इसका रखरखाव भी करेगा। विभाग ने सड़क के कार्य के लिए टेंडर लगाए हैं। निविदाएं आगामी तीन मार्च को खोली जाएंगी। इसके बाद सड़क का कार्य अवार्ड कर दिया जाएगा। हालांकि ठेकेदार को कार्य एक साल में पूरा करना होगा। सड़क से कई गांव के लोगों को सुविधा मिलती है। वर्ष 2025 में आपदा में सड़क को क्षति पहुंची थी। बहरहाल, अब क्षेत्र के ग्रामीणों को सड़क का कार्य शुरू होने का इंतजार है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जेके गुप्ता ने कहा कि गुशैणी-पेखड़ी सड़क की तिंदर गांव का टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।