हरिपुर (कुल्लू)। ऊझी घाटी के हरिपुर में बुधवार को ठाकुर माधोराय की जलेब और रथयात्रा के साथ पांच दिवसीय दशहरा उत्सव का आगाज होगा। 21 से 25 अक्तूबर तक चलने वाले इस उत्सव में ठाकुर माधोराय के साथ माता नीलासुंदरी भी शामिल होंगी। उत्सव के आयोजन के लिए ठाकुर माधोराय कमेटी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कमेटी के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश नेगी ने बताया कि उत्सव के पहले दिन ठाकुर माधोराय के मंदिर से रथ मैदान तक जलेब निकाली जाएगी। इसके बाद देव परंपराओं का निर्वहन कर रथ मैदान से अस्थायी शिविर तक रथयात्रा निकाली जाएगी। ठाकुर माधोराय पांच दिनों तक अस्थायी शिविर में विराजमान रहेंगे, जहां श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे।
उत्सव के दौरान पारंपरिक देव रीति-रिवाजों के साथ स्वांग और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। हर दिन देव शिविर में परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा, जबकि मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। संवाद