मनाली। बरसात के बीच पर्यटन नगरी मनाली के पर्यटन कारोबार में हल्का उछाल देखने को मिल रहा है। वीकेंड पर मनाली में करीब 500 पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 200 से 300 वाहनों के बीच रहती है।
सप्ताहांत में पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल, रेस्तरां और बाजारों में फिर से रौनक लौटने लगी है। इन दिनों ट्रेकिंग के शौकीनों की भी बड़ी संख्या मनाली पहुंच रही है।
वहीं, स्पीति और लेह की ओर जाने वाले पर्यटक भी एक दिन मनाली में ठहरने के बाद आगे का सफर कर रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को कुछ राहत मिली है।
लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण पिछले कुछ समय से मनाली का पर्यटन कारोबार मंदी की मार झेल रहा था। पर्यटकों की संख्या घटने से होटल, रेस्तरां, टैक्सी और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा था।
पर्यटन कारोबारी ललित कुमार, चंद्र ठाकुर और हितेश शर्मा ने बताया कि वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मौसम साफ रहा और बारिश का दौर कम हुआ तो आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में और सुधार देखने को मिलेगा।