27 दिन बाद शुरू हुई एचआरटीसी की बस जलाेड़ी दर्रा में। वीडियोग्रैब
कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू से उपमंडल आनी के बागीपुल के लिए औट-लुहरी-सैंज हाईवे से बस सेवा दोबारा शुरू कर दी है। विगत जनवरी माह में हुई बर्फबारी के बाद जलोड़ी दर्रा बंद होने से बस सेवा ठप हो गई थी लेकिन अब मौसम सामान्य होने और दर्रा से बर्फ हटने के बाद निगम ने करीब 27 दिनों के बाद दोबारा बस सेवा को शुरू कर दिया है। इससे उपमंडल आनी की जनता को राहत मिलेगी और आवाजाही के लिए टैक्सियों का भारी भरकम किराया भी नहीं देना पड़ेगा।
गौरतलब है कि विगत 22 जनवरी को जलोड़ी दर्रा बर्फबारी होने से औट-सैंज-लुहरी हाइवे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने हाइवे को फोर-बाई-फोर वाहनों के लिए बहाल कर दिया था, लेकिन बंजार से आगे बस सेवा बंद रहने के कारण यात्रियों को मजबूरन फोर-बाई-फोर वाहनों में आवाजाही करनी पड़ रही थी, जो उनकी जेब पर भारी पड़ रहा था। वहीं, अब निगम द्वारा दोबारा बस सेवा शुरू करने से यात्रियों को टैक्सी के सफर से राहत मिलेगी और वे आवाजाही के लिए अतिरिक्त बजट खर्च करने से भी बचेंगे। इस संबंध में अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू के प्रभारी खूब राम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से औट-लुहरी-सैंज हाइवे की फिटनेस मिलने के बाद कुल्लू-बागीपुल बस सेवा शुरू कर दी गई है। बस पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही संचालित की जाएगी।