निरीक्षण में सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पाई गई संतोषजनक
फ्लाइंग प्रशिक्षण गतिविधियां शुरू करने की तैयारी पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा भुंतर में एनसीसी हैंगर का सुरक्षा निरीक्षण किया। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ की टीम शुक्रवार को हवाई अड्डा पहुंची थी। इस दौरान हैंगर की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
छह मार्च 2026 को बीसीएएस चंडीगढ़ द्वारा किए गए निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जिससे कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर को शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से इस सुविधा की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। अब एएआई भुंतर की अंतिम स्वीकृति तथा शेष औपचारिकताओं के पूरा होने की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां भी प्रक्रियाधीन हैं।
एक हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने बताया कि लाडा के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने अगले दो वर्षों के लिए इस परियोजना के आवर्ती व्यय को वहन करने में सहयोग देने पर सहमति व्यक्त की है। एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू और हिमाचल प्रदेश सरकार ने हैंगर की स्थापना तथा फ्लाइंग प्रशिक्षण गतिविधियां शुरू करने के लिए आवश्यक प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकांश औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद अब एएआई भुंतर से शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किए जाने की अपेक्षा है, ताकि कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर जल्द से जल्द शुरू हो सके।