मलाणा नदी में लापता युवक की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम।-संवाद
घटनास्थल से 100 मीटर मिला, चट्टानों के बीच फंसा हुआ था शव
लापता युवक की तलाश में जुटे थे पुलिस, रेस्क्यू टीम और गोताखोर
हादसे के कुछ समय बाद ही मिल गया था एक अन्य युवक का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। एक मई की रात को मलाणा खड्ड में बहे दूसरे युवक का शव भी बरामद कर दिया है। शनिवार को पुलिस, रेस्क्यू दल और गोताखोरों की मदद से शव को हादसे वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर बरामद किया गया।
शव चट्टानों के बीच फंसा था। इसे जेसीबी की मदद से निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एक मई को देर रात करीब 12:30 बजे राम चंद्र और इंद्रजीत जरी से अपने घर मलाणा जा रहे थे। मलाणा खड्ड पर लकड़ी की पुलिया को पार करते समय दोनों अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरे। इनके साथ चल रहे दो अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू की। इंद्रजीत (19) का शव घटनास्थल से बरामद कर लिया गया। दूसरा युवक रामचंद्र (21) पुत्र अमरचंद निवासी मलाणा लापता चल रहा था। पुल, रेस्क्यू दल ने युवक की तलाश जारी रखी, लेकिन उसका पता नहीं चला। गोताखोरों की टीम भी बुलाई गई थी। शनिवार को पुलिस, रेस्क्यू टीम और गोताखोरों ने खड्ड में सर्च अभियान चलाया तो रामचंद्र का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर मिला। यह चट्टानों के बीच फंसा हुआ था। उधर, एएसपी संजीव चौहान ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।