अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के समीप बुधवार सुबह सड़क पर जमी ब्लैक आइस में फिसलन में फसी जिमन
केलांग से उदयपुर जाने वाली एचआरटीसी बसों के दो रूट हुए प्रभावित
कड़ाके की ठंड के बीच बस स्टॉप पर बसों का इंतजार करते रहे यात्री
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग में कड़ाके की ठंड ने बुधवार सुबह बसों के पहिये रोक दिए। अत्यधिक ठंड के कारण एचआरटीसी की बसें स्टार्ट ही नहीं हो पाईं। इस कारण निगम के दो रूट प्रभावित हुए।
लोगों को पैदल या छोटे वाहनों से जाना पड़ा। कड़ाके की ठंड के बीच बस स्टॉप पर खड़े यात्री बसों का इंतजार करते रहे। सुबह 8:30 और 10 बजे चलने वाली बसें जाम हो गईं थीं। इस कारण यात्रियों को पैदल या छोटी गाड़ियों के माध्यम से अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
बुधवार सुबह 6 से 9 बजे के बीच जिला मुख्यालय केलांग का तापमान शून्य से 10 से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। केलांग से उदयपुर की ओर सुबह 8:30 और 10 बजे चलने वाली बसें स्टार्ट ही नहीं हो पाईं। इस कारण लोग जगह-जगह बसों का इंतजार करते दिखे। काफी इंतजार के बाद उन्हें पता चला कि केलांग से सुबह उदयपुर की ओर चलने वाली बसें ठंड के कारण स्टार्ट नहीं हो पाई हैं। ये बसें रूटों पर नहीं जाएंगी। इसके बाद बस की प्रतीक्षा में बैठे यात्रियों को अन्य गाड़ियों की मदद से अपने गंतव्यों की ओर जाना पड़ा। नजदीकी क्षेत्र में जाने जाने वाले लोग कदमताल पैदल ही आवाजाही करते दिखे। दोपहर 2 बजे उदयपुर की तरफ जाने वाले यात्रियों को बस मिल पाई। उदयपुर से केलांग की ओर सुबह के समय पर बसें चलीं। बीते सोमवार की देर रात को चंद्रावैली में हुई ताजा बर्फबारी के बाद से लाहौल-मनाली के बीच दो दिन से बस सेवा बाधित चल रही है। लोग टैक्सियों के सहारे लाहौल-मनाली के बीच आवाजाही कर रहे हैं।
उधर, केलांग के अड्डा प्रभारी भोला राम ने बताया कि बुधवार सुबह अत्यधिक ठंड के बीच केलांग से उदयपुर की ओर चलने वाली बसें ठंड के चलते स्टार्ट नहीं हो पाई।