कुल्लू। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने अब स्कूली स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने की पहल की है। इसके तहत जिले के सभी स्कूलों में एंटी चिट्टा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से एंटी चिट्टा शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेषज्ञों के व्याख्यान भी करवाए जाएंगे।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग को नवचेतना मॉड्यूल के तहत अध्यापकों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी विद्यालयों में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता गतिविधियों की मासिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट को जिला स्तरीय समिति की बैठकों में प्रस्तुत करना होगा, ताकि अभियान की प्रगति और उसके प्रभाव का नियमित आकलन किया जा सके।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। इसके लिए उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों से जोड़ना होगा। ऐसी गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में स्कूलों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। युवाओं को सही अवसर और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाकर उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है।