भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी बैकलॉग टीजीटी भर्ती के लिए जिला कुल्लू में प्रक्रिया शुरू हो गई है। टीजीटी भर्ती में भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी के कोटे के तहत विवाहिता बेटी और पौत्री को लाभ नहीं मिलेगा। भर्ती में दोनों पात्र नहीं होंगी। बैचवाइज भर्ती के लिए पात्र उम्मीदवारों को आगामी 30 जून तक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में आवेदन करना होगा। भर्ती टीजीटी स्टेट कैडर के 154 पदों के लिए होगी। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग कुल्लू के तहत स्वतंत्रता सैनानियों कोटे के आरक्षित पदों के विरुद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने पात्र 31 मार्च 2015 से पहले टैट पास बैच वाइज अभ्यर्थियों के आवेदन मांगे हैं।
टीजीटी भर्ती के लिए जुलाई के प्रथम सप्ताह में साक्षात्कार लिए जाएंगे। उम्मीदवारों को रोजगार कार्यालय से प्राप्त सूची के अनुसार बुलावा पत्र जारी कर दिए गए हैं। यदि किसी उम्मीदवार का नाम कारणवश रोजगार कार्यालय की ओर से जारी न होने पर वह अभ्यर्थी अपने सभी दस्तावेजों को तीस जून तक कार्यालय में जमा करवा साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। भर्ती के लिए भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी के कोटे के तहत बैच अप टू डेट है।
टीजीटी आर्ट्स में भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी सामान्य एक, ओबीसी पांच, एससी 24 और कुल 30 पद हैं। टीजीटी नॉन मेडिकल में सामान्य शून्य, ओबीसी नौ, एससी 18, कुल 27 पद हैं। टीजीटी मेडिकल में सामान्य दो, ओबीसी पांच और एससी 13 व कुल पद 20 हैं। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक कुलवंत सिंह पठानिया ने बताया कि भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी के कोटे के तहत टीजीटी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र उम्मीदवार तीस जून तक आवेदन कर सकते हैं। टीजीटी भर्ती में शिक्षा विभाग ने भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानी कोटे के तहत उनकी विवाहिता बेटी और पौत्री पात्र नहीं होगी।