कुल्लू के जरड़ डाइट सेंटर में चल रहे प्रशिक्षण में भाग लेते अध्यापक।
कुल्लू। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कुल्लू में नए अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डाइट में इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला के पांचवें दिन शुक्रवार को तीन सत्रों में 58 शिक्षकों ने प्रौद्योगिकी क्षमता की बारीकियां जानी और स्कूलों में कैसे इस दिशा में कार्य करना है, की जानकारी ली।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रथम सत्र के दौरान गणित स्नातक अध्यापक योगेंद्र, अध्यापिका डिंपल कुमारी और कला स्नातक अध्यापिका उपासना अग्रवाल को आमंत्रित किया गया। उन्होंने शिक्षकों को प्रौद्याेगिकी क्षमता की बारीकियां बताईं। दूसरे सत्र में कुलदीप शर्मा ने कार्यालय के कामकाज के बारे में बताया।
उन्होंने कुछ विशेष एप्लीकेशन और सॉफ्टवेयर को ऑपरेट करना भी सिखाया। अंतिम सत्र में शमशेर ठाकुर ने दिव्यांग बच्चों के लिए समावेशी शिक्षा में प्रावधान, दिव्यांगता के प्रकार तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का विस्तार से वर्णन किया। स्रोत व्यक्ति अजीत बौध ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के बारे में बताया। छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य और मुफ्त शिक्षा के प्रावधानों के बारे में अवगत करवाया। संवाद