आबकारी एवं कराधान विभाग ने टैक्स में हेराफेरी करने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीमें दबिश दे रही हैं। तीन दिनों में विभागीय टीम ने मनाली, भुंतर और बजौरा में टैक्स चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब छह लाख रुपये जुर्माना वसूला है। विभाग की सख्त कार्रवाई से होटल संचालकों व कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बजौरा, भुंतर और मनाली में दबिश देकर टैक्स में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की। पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली में इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है। जिस कारण होटल संचालक लग्जरी टैक्स को लेकर गड़बड़ी कर रहे हैं। चेकिंग के दौरान कई होटलों में टैक्स संबंधी खामियां उजागर हुई हैं। वहीं, वोल्वो में बिना बिल भी सामान लाया जा रहा है। विभागीय टीम ने तीन वोल्वो बसों में बिना बिल सामान पकड़ा है। वहीं अन्य नौ मामले लग्जरी टैक्स में गड़बड़ी के हैं। रोजाना टीम सरकार को चूना लगाने वाले कारोबारियों व अन्य पर शिकंजा कस रही है।
इधर, आबकारी एवं कराधान विभाग कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिला के आयुक्त रमेश शर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों में दबिश के दौरान लग्जरी टैक्स में अनियमितताएं और बिना बिल सामान लाने पर करीब छह लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। टैक्स चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान जारी रहेगा।