एसडीएम बंजार ने लिया कार्यों का जायजा
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। लंबे अंतराल के बाद खस्ताहाल राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर टारिंग का कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को राहत मिलेगी। स्थानीय कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए फल-सब्जी को मंडियों तक पहुंचाना भी अब आसान हो सकेगा।
सड़क की टारिंग और मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर कार्य और ट्रैफिक प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि काम सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि यातायात प्रभावित न हो और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान एनएच-305 के अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे कार्य के दौरान प्रशासन और विभाग का सहयोग करें, ताकि काम समय पर पूरा हो सके और भविष्य में जाम जैसी समस्याएं न हों। संवाद