कुल्लू। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में सूत्रधार कला संगम विजेता रहा है। सूत्रधार के कलाकार अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल्लू का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भाषा विभाग कुल्लू ने शनिवार को अटल सदन कुल्लू में जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के 23 सांस्कृतिक दलों ने मंच पर प्रस्तुति दी। इनमें सूत्रधार कला संगम के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लगातार दूसरी बार जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता का खिताब अपने नाम किया है।
अटल सदन कुल्लू में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सूत्रधार कला संगम प्रथम, सांस्कृतिक कला संगम दुआड़ा द्वितीय और सूर्य सांस्कृतिक दल बनोगी ने तृतीय स्थान हासिल किया है।
23 सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर लोकनृत्य की प्रस्तुति दी है। अटल सदन कुल्लू शनिवार को पारंपरिक लोकगीतों और वाद्ययंत्रों की ध्वनि से गूंजता रहा।
जिला भाषा अधिकारी कुल्लू सुनीला ठाकुर ने कहा कि अटल सदन कुल्लू में शनिवार को जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई गई। इस प्रतियोगिता में 23 सांस्कृतिक दलों ने अपना पंजीकरण करवाकर प्रस्तुति दी। इनमें सूत्रधार कला संगम विजेता रहा है। संवाद
............................
एलईडी स्क्रीन पर लोगों ने उठाया लुत्फ
जिला मुख्यालय कुल्लू में स्थित अटल सदन में शनिवार को लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई गई। इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण सदन की दीवार में स्थापित एलईडी स्क्रीन पर किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जिला मुख्यालय ढालपुर पहुंचे सैकड़ों लोगों ने लोकनृत्य का लुत्फ उठाया।