छह जनवरी से लेकर नौ फरवरी तक विभिन्न नृत्य शैली सीख सकेंगे बच्चे
चार से 16 साल तक के बच्चे लेंगे भाग, 11 से 2 बजे तक होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हर साल की तरह इस बार भी स्कूलों में विंटर अवकाश में सूत्रधार डांसिंग डैफोडिल्स सीजन 13 का शुभारंभ होने जा रहा है। छह जनवरी से नौ फरवरी तक करीब 35 दिन तक चलने वाली इस कार्यशाला में विभिन्न प्रकार की नृत्य शैली सिखाई जाएगी। इसमें चार साल से 16 वर्ष आयु के बच्चे भाग ले सकेंगे।
शनिवार को सूत्रधार कला संगम कुल्लू के अध्यक्ष दिनेश सेन ने प्रेसवार्ता में बताया कि सूत्रधार कला संगम संस्था 48 वर्षों के इतिहास में कला संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में काम कर रही है। आजकल की युवा पीढ़ी कई तरह के नशे की जकड़ के साथ मोबाइल के दुष्प्रभावों में पड़ रही हैं। इसी को देखते हुए सूत्रधार कला संगम कुल्लू ने संगीत और नृत्य की अकादमी स्थापित की है। संस्था 13 वर्षों से सूत्रधार डांसिंग डैफोडिल्स नाम से नृत्य कार्यशाला करवा रही है। छह जनवरी से नौ फरवरी तक चलने वाली कार्यशाला सुबह 11:00 से दोपहर 02:00 बजे तक होगी। इसमें आधुनिक नृत्य के अंतर्गत विभिन्न नृत्य शैलियां, बॉलीवुड, सेमी क्लासिकल, हिप-हॉप, कंटेंपरेरी, सालसा और फ्री स्टाइल सिखाई जाएगी। इसके लिए सूत्रधार भवन के कार्यालय में प्रवेश चल रहा है। नृत्य कार्यशाला का ग्रैंड फिनाले नौ फरवरी को होगा। इस दौरान संस्था के वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, प्राचार्य संगीत अकादमी पंडित विद्या सागर और प्रबंधक उत्तम चंद उपस्थित रहे।