संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के नागणी में आयोजित शेर-ए-सिराज क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता महिला और पुरुष दोनों वर्गों में हुई। समापन समारोह में राजीव भारती मुख्य अतिथि ललित ठाकुर और दुनीचंद विशेष अतिथि तथा साया शर्मा और रीना स्लाथ विशिष्ट अतिथि रहीं।
पुरुष वर्ग के फाइनल में एमएसजी सुधराणी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट पर 142 रन बनाए। जवाब में जेपीएस पिछलीहार मनाली की टीम 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी, जिससे एमएसजी सुधराणी ने खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग के फाइनल में शेष नाग शील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवर में 3 विकेट पर 92 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए लक्ष्मी नारायण फरियाड़ी की टीम ने 5.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 94 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से स्नेहा (27), मोनि (34) और दिव्या (14) ने अहम योगदान दिया। आयोजक भूपेंद्र राज ने बताया कि एक माह से अधिक समय तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में एमएसजी सुधराणी और महिला वर्ग में लक्ष्मी नारायण फरियाड़ी की टीम विजेता रही। संवाद