मौहल में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र मौहल ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध विशेष जागरूकता एवं संवेदनशीलता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से संचालित हुआ। इसका उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा। शिविर में जिला कल्याण अधिकारी कुल्लू गिरधारी लाल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं रहती, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के अधिवक्ता डीआर भारद्वाज ने नशीले पदार्थों से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी।
पुलिस थाना भुंतर के एएसआई डोला राम ने नशे के विरुद्ध पुलिस विभाग की कार्रवाई बताई। पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट (पीएचडी) की प्रतिनिधि ललिता वाल्डिया ने युवाओं को नशे से दूर रखने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। संवाद