राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाट में स्कूली बच्चों को आपदा में सुरक्षित रहने का तरीका बताते
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाट में विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माउंटेन फोरम हिमालयास (एमएफएच) ने आइशर ग्रुप फाउंडेशन के सहयोग से किया।
एमएफएच की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सरिता शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की सहायता भी कर सकें। प्रशिक्षक बेलीराम और योगराज ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनसे बचाव के उपायों और आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा सर्च एंड रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन के मूलभूत कौशल सीखे।
सरिता शर्मा ने बताया कि इससे पहले रविवार को गांव में भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सोमवार को विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र रखा गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह ठाकुर, शिक्षक चमन लाल, अशोक कुमार, स्मृति, जीवन ठाकुर, नील चंद आदि मौजूद रहे। संवाद