नग्गर (कुल्लू)। राजकीय उच्च विद्यालय रूमसू में किशोर स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग नग्गर की टीम और रोटरी क्लब मनाली के सदस्यों ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों की जानकारी दी।
साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया।विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। कार्यवाहक मुख्याध्यापिका बबीता प्रार्थी ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है।
इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति ने कहा कि स्वास्थ्य खंड नग्गर में लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।