लारजी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय सैंज में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थी महाविद्यालय से पलायन करने को विवश हैं। चार प्रोफेसर समेत महाविद्यालय में सात पद रिक्त हैं। इनमें हिंदी, समाजशास्त्र, वाणिज्य, संगीत के प्रोफेसर के अलावा अधीक्षक ग्रेड-दो, वरिष्ठ सहायक, जेओए आईटी कर्मचारी शामिल हैं।
महाविद्यालय में शिक्षकों के चार पद और गैर शिक्षकों के तीन पद लंबे समय से रिक्त चलने के कारण पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य दोनाें प्रभावित हो रहे हैं। वाणिज्य और संगीत की शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को घरद्वार के समीप स्थित महाविद्यालय को मजबूरन छोड़ कुल्लू का रुख करना पड़ रहा है, जो विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की आर्थिक समस्याओं को बढ़ा रहा है। महाविद्यालय के पूर्व छात्र संघ और सीएससीए के प्रतिनिधि कई बार सरकार के नुमाइंदों, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रबंधन के समक्ष विद्यार्थियों की समस्याओं को रख चुके हैं। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
....
सरकार अपने चहेतों का समायोजन करवाने में व्यस्त है। महाविद्यालय के प्रति वर्तमान सरकार का नकारात्मक रवैया देखने को मिल रहा है। तीन साल से प्रोफेसर के कई पद खाली हैं और सरकार ने दो और प्रोफेसर का तबादला कर दिया है।
-बॉबी, विद्यार्थी
..........
साल 2023 से हिंदी और वाणिज्य के प्रोफेसर पद खाली हैं। अभी दो और प्रोफेसर के तबादले हुए हैं, लेकिन इनकी जगह कोई भी प्रोफेसर नहीं भेजे हैं। इस विषय को कई बार प्रशासन और प्रबंधन के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला।
-जय सिंह पूर्व छात्र संघ प्रधान
000