उपमंडल बंजार के मिनर्वा पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र शौरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल के एमडी और मुख्याध्यापक बलवीर दुग्गल ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी।
उन्होंने स्कूल में हुई वर्षभर की गतिविधियों का ब्योरा पेश किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ की गई। एलकेजी, यूकेजी और पहली के बच्चों ने शानदार नृत्य किया। दूसरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छात्रों ने फैंसी डांस पेश कर खूब वाहवाही लूटी। छात्राओं ने डांडिया पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुल्लवी नाटी भी छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया। इस दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्र में अव्वल रहने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पंचायत समिति बंजार के उपाध्यक्ष केवल राम, समर्थ पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धनवीर सिंह, मनोहर ठाकुर, खावल पंचायत प्रधान हेत राम, बैहनी पंचायत उप प्रधान भगवान दास आदि मौजूद रहे।